जालंधर में आम आदमी पार्टी के पार्षदों की कुर्सी खतरे में, कांग्रेस ने दायर की याचिका
जालंधर में आम आदमी पार्टी के सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू समेत पांच वार्डों के आप पार्षदों की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने इन पार्षदों के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें दावा किया गया है कि इनके कागजात में कमी थी और चुनाव से पहले उनके नामांकन रद्द नहीं किए गए थे।
कांग्रेस के लीगल सेल ने आरोप लगाया है कि इन पार्षदों ने चुनाव में धांधली की है। इसमें वार्ड नंबर 10 से कांग्रेस प्रत्याशी मंगा सिंह मुद्दर ने बलबीर सिंह बिट्टू के खिलाफ याचिका दायर की है, जबकि उनकी पत्नी करमजीत कौर के खिलाफ भी याचिका दायर की गई है।
इसके अलावा, कांग्रेस के रवि सैनी ने पार्षद अश्विनी अग्रवाल के खिलाफ याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने 400 वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाया है। वार्ड-24 से कांग्रेस के उम्मीदवार सतीश धीर ने भी नामांकन में गलत जानकारी देने और एफआईआर का डेटा छिपाने के आरोप लगाए हैं।
आजाद उम्मीदवार शिवनाथ शिब्बू ने भी एक वोट से हारने के बाद आम आदमी पार्टी के पार्षद हरजिंदर सिंह लाडा पर मतदान के दौरान धांधली के आरोप लगाए हैं।