जालंधर में डीएमयू रेलगाड़ी पटरी से उतरी, कोई जानमाल का नुकसान नहीं
पंजाब के जालंधर में गुरुवार रात को एक डीजल मोटर यूनिट (डीएमयू) रेलगाड़ी पटरी से उतर गई। यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब गाड़ी मेंटेनेंस के बाद यार्ड से बाहर निकल रही थी। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन को दोबारा पटरी पर चढ़ाया। घटना की सूचना फिरोजपुर रेलवे मंडल को दी गई और शुक्रवार को मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इस घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
यह घटना रेल लाइन नंबर 2 पर हुई थी, जब गाड़ी मेंटेनेंस के बाद बाहर निकलकर पटरी से उतर गई और रेलवे स्लैब पर रुक गई। अधिकारियों के मुताबिक, आधे घंटे में ही सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे और गाड़ी को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया।
यह घटना 21 दिनों में दूसरी बार हुई है, इससे पहले 9 जनवरी को फिल्लौर और फगवाड़ा में भी जालंधर आ रही मालगाड़ी डिरेल हो गई थी।