जालंधर में ‘लापता’ हुए सांसद चन्नी? भाजपा नेताओं ने लगाए पोस्टर, जताई नाराजगी

जालंधर में ‘लापता’ हुए सांसद चन्नी? भाजपा नेताओं ने लगाए पोस्टर, जताई नाराजगी

सांसद चन्नी के गुमशुदा होने के पोस्टर लगाता हुआ बीजेपी नेता। - Dainik Bhaskar

जालंधर, 16 अप्रैल: जालंधर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराया है। शहर के कई इलाकों—गालियों से लेकर बाजारों तक—में “लापता” लिखे हुए पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें चन्नी को लेकर नाराजगी जताई गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव 2024 में जालंधर सीट से भारी बहुमत से जीतने के बाद चन्नी ने जनता से किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा युवा मोर्चा पंजाब के पूर्व महासचिव नरिंदर पाल सिंह ढिल्लों ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान चन्नी ने जालंधर के विकास को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जीत के बाद वे क्षेत्र में नजर ही नहीं आते।

ढिल्लों ने आरोप लगाया, “लोगों को समझ नहीं आ रहा कि वे अपनी समस्याएं किसे सुनाएं। सांसद का कोई अता-पता नहीं है। इसलिए जनता की आवाज़ उठाने के लिए हमने ये पोस्टर लगाए हैं।”

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की चिंता को उजागर करने के लिए किया गया है।

चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से अभी तक इस मसले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

और पढ़ें