दिलजीत दोसांझ विवादों के घेरे में, ‘सरदार जी 3’ को लेकर विरोध, ‘बॉर्डर 2’ से बाहर होने की अफवाहों पर खुद लगाई विराम
मुंबई, 3 जुलाई: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की मौजूदगी और कुछ विवादास्पद संवादों को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। इसके चलते ट्विटर (X) पर #BoycottDiljit ट्रेंड करने लगा और कई लोगों ने दिलजीत पर “देश विरोधी रुख” अपनाने का आरोप लगाया।
‘बॉर्डर 2’ से बाहर होने की अटकलों पर विराम
इस विवाद के बीच यह अफवाह भी तेज़ी से फैलने लगी कि दिलजीत को बहुप्रतीक्षित वॉर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, इन अटकलों को खुद दिलजीत दोसांझ ने खारिज कर दिया। उन्होंने हाल ही में फिल्म के सेट से एक बीहाइंड द सीन वीडियो साझा किया, जिसमें वह भारतीय वायुसेना की वर्दी में नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दिलजीत ने फिल्म ‘बॉर्डर’ का आइकॉनिक गाना ‘संदेसे आते हैं’ भी जोड़ा, जिससे यह साफ हो गया कि वह अभी भी फिल्म का हिस्सा हैं। दिलजीत फिल्म में फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की भूमिका निभा रहे हैं, जो भारतीय वायुसेना के इकलौते परमवीर चक्र विजेता हैं।
‘सरदार जी 3’ और विवाद की जड़
फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की कास्टिंग के खिलाफ विरोध खासकर उस समय तेज हुआ, जब अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमला हुआ और उसी दौरान फिल्म का ट्रेलर सामने आया। इससे नाराज कई फिल्म संगठनों जैसे FWICE और AICWA ने दिलजीत और अन्य कलाकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यहां तक कि उनकी नागरिकता रद्द करने और पासपोर्ट जब्त करने की सिफारिशें तक की गईं।
नीरू बाजवा ने हटाए पोस्ट, निर्माताओं ने दी सफाई
विवाद बढ़ने पर एक्ट्रेस नीरू बाजवा ने फिल्म से जुड़े अपने सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दिए। वहीं, निर्माताओं ने सफाई दी कि फिल्म की शूटिंग फरवरी 2024 में ही पूरी हो चुकी थी और इसे भारत में रिलीज करने की योजना नहीं थी।
हालांकि, यह फिल्म विदेशों में रिलीज हुई, जहां इसे खासा पसंद किया जा रहा है और यह नए बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बना रही है।