हिना आज़मी/ देहरादून. गर्मी बढ़ने के साथ-साथ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कई इलाकों से पानी की किल्लत की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद अब डीएम सोनिका के निर्देश पर टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं. अगर आप भी पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं तो आप टोल फ्री नंबर 8979010101 और 9412038572 पर संपर्क कर सकते हैं. पेयजल की समस्याओं के निस्तारण के लिए जल एवं स्वच्छता मिशन के तहत विकास भवन में शिकायत निवारण कक्ष स्थापित किये गए हैं.
देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी झरना कामठान ने लोकल 18 कोई जानकारी देते हुए कहा कि देहरादून के अलग-अलग हिस्सों से पेयजल संबंधी शिकायतें मिल रही थी. जिसका संज्ञान लेते हुए डीएम सोनिका द्वारा पेयजल समस्या के निस्तारण के लिए बैठक आयोजित की गई थी. जिसमें डीएम के दिशा निर्देश का पालन करते हुए विकास भवन में शिकायत निवारण कक्ष स्थापित किया गया है.
इन नंबरों पर करें संपर्क
झरना कामठान ने बताया कि जिन लोगों के क्षेत्र में पेयजल से संबंधित कोई समस्या है वह 8979010101, 9412038572 और 9456375256 पर सुबह 10 बजे से 5 बजे तक सम्पर्क करके शिकायत कर सकते हैं. जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के शिकायत निवारण कक्ष में पेयजल से संबंधित रोजाना करीब 20 से 25 शिकायतें मिल रही हैं. शिकायत मिलते ही संबंधित डिवीजन को भेजा जाता है और एक दिन के अंदर ही समस्या के निवारण के लिए कहा जाता है.
हर साल गर्मियों में विकराल हो जाता है पेयजल संकट
बताते चलें कि हर साल की तरह देहरादून के कई इलाकों में गर्मी बढ़ते ही पेयजल संकट खड़ा हो जाता है. राजधानी के करीब 120 मोहल्ले और 15 ऐसी बस्तियां हैं जहां पेयजल संकट विकराल हो जाता है. जल संस्थान की मुख्य महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग ने जानकारी दी कि पिछले सालों की समस्या को देखते हुए इस साल जोन वार रणनीति बनाई जा रही है ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े.
.
Tags: Dehradun news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : April 28, 2024, 17:00 IST










