रांची. झारखंड के किसानों के लिए कृषि विभाग की तरफ से बड़ी खुशखबरी है. किसानों को सरकार की तरफ से ट्रैक्टर की सौगात दी जाएगी. इसके लिए किसान आवेदन कर सकते हैं. कृषि विभाग ने इस संदर्भ में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है. मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर मिलेगा.
रांची के जिला कृषि पदाधिकारी अशोक सिन्हा ने Local 18 को बताया कि 80 करोड़ रुपये की लागत से अगले दो साल तक करीब 1100 ट्रैक्टर का वितरण किसान या किसान समूहों के बीच किया जाएगा. किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर ट्रैक्टर दिया जाएगा. साथ ही किसानों को दो कृषि उपकरण भी दिए जाएंगे. कुल पैकेज 10 लाख का होगा. कृषि यंत्रों पर 80 फीसदी अनुदान दिया जाएगा. किसानों को ट्रैक्टर के साथ दो कृषि यंत्र लेना जरूरी होगा.
लगा रहेगा जीपीएस
अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर में जीपीएस भी लगा रहेगा. इससे ट्रैक्टर का कोई भी गलत प्रयोग नहीं कर पाएगा. समय-समय पर इसका सत्यापन भी होगा. इस योजना की थर्ड पार्टी से जांच भी कराई जाएगी. जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सर्वे, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, भूमि संरक्षण सर्वे पदाधिकारी, सहायक कृषि अभियंता द्वारा ट्रैक्टर और उसके सहायक यंत्रों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी.
किस जिले में कितना ट्रैक्टर
रांची-70, खूंटी-30, लोहरदगा-30, गुमला-40, सिमडेगा-30, पूर्वी सिंहभूम-40, सरायकेला-खरसावां-30, प. सिंहभूम-75, लातेहार-30, दुमका-120, साहिबगंज-75, पाकुड़-30, जामताड़ा-30, गोड्डा-35, पलामू-55, देवघर-120, गढ़वा-20, हजारीबाग-70, रामगढ़-20, कोडरमा-21, चतरा-45, गिरिडीह-52, बोकारो-22, धनबाद-22. यानी दुमका और देवघर के किसानों को अधिक ट्रैक्टर मिलने वाला है. अधिक जानकारी के लिए आप रांची के कृषि भवन में आकर जानकारी ले सकते हैं.
Tags: Jharkhand Government, Local18, New Scheme, Ranchi news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2024, 17:52 IST










