धर्मशाला में केंद्रीय तिब्बती प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (CTA) ने भारत का 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। गंगचेन किइशोंग में आयोजित समारोह में कार्यवाहक सिक्योंग थारलम डोलमा चांगरा ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर डोलमा त्सेरिंग, कलोन डोलमा ग्यारी, कालोन नोरजिन डोलमा सहित सीटीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
समारोह में भारत की विविधता और समृद्ध संस्कृति को दर्शाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यवाहक सिक्योंग ने इस मौके पर कहा कि भारत एक आदर्श लोकतांत्रिक देश है और उन्होंने यह भी बताया कि जब तिब्बतियों को निर्वासन में आना पड़ा, तो दलाई लामा ने भी भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली को अपनाया, जो तिब्बत के इतिहास में एक नई शुरुआत थी। उन्होंने भारत सरकार और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वासित तिब्बतियों के प्रति भारत की दयालुता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उधर, कांगड़ा के धर्मशाला में पुलिस ग्राउंड पर आयुष एवं युवा खेल सेवाएं मंत्री यादवेंद्र गोमा ने तिरंगा फहराया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। यादवेंद्र गोमा ने इस अवसर पर देश की आजादी और गणतंत्र की स्थापना में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह अवसर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए किए गए बलिदानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का है।
समारोह में विधायक अशीष बुटेल, सहकारी बैंक के चेयरमैन संजय चौहान, महापौर नीनू शर्मा, पूर्व महापौर दविंद्र जग्गी, एपीएमसी के चेयरमैन नीशू मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बेरवा, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, एमसी के कमीशनर जफर इकबाल, पार्षद अनुराग, इको टूरिज्म सोसाइटी के सदस्य संजीव गांधी, खाद्य आपूर्ति निगम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के सदस्य पुनीत मल्ली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।