नवजोत सिंह सिद्धू की ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में वापसी, 6 साल बाद कपिल शर्मा के साथ दिखेगी जोड़ी
मुंबई। पंजाब कांग्रेस के नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर कॉमेडी की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। लगभग छह साल के लंबे अंतराल के बाद सिद्धू कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे। यह वापसी ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के तीसरे सीजन के जरिए होगी, जिसका प्रीमियर 21 जून 2025 को नेटफ्लिक्स पर होगा।
नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर शो में सिद्धू की वापसी की आधिकारिक जानकारी दी है। इसके अलावा सिद्धू ने भी हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए शो में वापसी की पुष्टि की।
गौरतलब है कि 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद उपजे विवाद के चलते नवजोत सिंह सिद्धू को ‘द कपिल शर्मा शो’ छोड़ना पड़ा था। उस समय उनकी जगह अभिनेत्री और जज अर्चना पूरन सिंह को शो में लाया गया था, जो अब तक इसका हिस्सा बनी हुई हैं।
विवाद की पृष्ठभूमि में सिद्धू की पाकिस्तान दौरे के दौरान इमरान खान के शपथग्रहण समारोह में शामिल होना और पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा से गले मिलना शामिल था। इसके कुछ समय बाद ही पुलवामा में CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। सिद्धू ने इस घटना पर की गई अपनी एक टिप्पणी में कहा था, “एक पूरे मुल्क को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है।” इस बयान की व्यापक आलोचना हुई थी और जनता के साथ-साथ इंडस्ट्री से भी उनके खिलाफ विरोध शुरू हो गया था।
इस विवाद के बाद चैनल और शो निर्माताओं को डर था कि कहीं शो की लोकप्रियता पर असर न पड़े, जिसके चलते सिद्धू को शो से हटना पड़ा।
अब एक बार फिर कपिल शर्मा और नवजोत सिंह सिद्धू की जोड़ी दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है। यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस वापसी को कैसे स्वीकार करते हैं और क्या पुराना जादू दोबारा चल पाता है।