पंचकूला में क्लब पर पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट की जॉइंट रेड, अवैध शराब पकड़ी गई



पंचकूला के सेक्टर 9 स्थित रूमरोज / प्ले एंड पॉज क्लब पर पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट ने एक जॉइंट रेड की। इस रेड में अवैध रूप से शराब और क्लब दोनों चलाए जा रहे थे। मौके से पुलिस ने अवैध शराब को अपने कब्जे में लिया और क्लब चलाने वाले युवक अखिल को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।
सेक्टर 10 के चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर 9 के रूमरोज क्लब में बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है और क्लब चलाया जा रहा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पाया कि चंडीगढ़ की शराब परोसी जा रही थी। क्लब और शराब परोसने का लाइसेंस न होने पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने रेड के दौरान शराब और बियर की कई बोतलें जब्त की, जिनमें दो बोतलें रेड लेबल, 12 बोतलें थंडर बोल्ट बियर, चंडीगढ़ की किंगफिशर की बोतलें, क्रोना एक्स्ट्रा बीयर, और मैजिक मूवमेंट की एक खुली हुई बोतल शामिल थी। पुलिस ने सभी शराब की बोतलें और बियर जब्त कर लीं।
क्लब चला रहे अखिल को गिरफ्तार किया गया, जो सोनीपत, हरियाणा का निवासी है। रेड के दौरान पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारी, जिनमें सेक्टर 10 चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह, एएसआई बृजेश कुमार और एक्साइज इंस्पेक्टर राजीव कपूर शामिल थे, मौके पर मौजूद थे।










