पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध खन्ना पहुंचे, किसान विंग की नई टीम गठित
खन्ना, 12 अगस्त 2025 — पंजाब के पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध मंगलवार को खन्ना की अनाज मंडी पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों और आढ़तियों से मुलाकात की। इस दौरान खन्ना किसान विंग की नई टीम का गठन किया गया। यादविंदर सिंह लिबड़ा को किसान विंग का अध्यक्ष और लखवीर सिंह गिल को महासचिव नियुक्त किया गया।
लैंड पूलिंग पर सरकार का रुख साफ
मंत्री सौंध ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब सरकार जनता की राय को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा कि लैंड पूलिंग नीति को किसानों ने अस्वीकार किया, इसलिए इसे वापस ले लिया गया। उन्होंने इस फैसले का श्रेय आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिया।
गांव-गांव जाकर किसानों की सुनवाई
सौंध ने याद दिलाया कि केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में भी आम आदमी पार्टी किसानों के साथ खड़ी थी। उन्होंने कहा कि वे अब गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं सुनेंगे और समाधान करवाएंगे।
स्थानीय नेतृत्व की भूमिका
आढ़ती एसोसिएशन खन्ना के अध्यक्ष हरबंस सिंह रोशा ने बताया कि कुछ दिन पहले सीएम भगवंत मान के गांव लिबड़ा दौरे के दौरान ही लैंड पूलिंग नीति रोकने की मांग उठाई गई थी।
वहीं, किसान विंग के नव नियुक्त अध्यक्ष यादविंदर सिंह लिबड़ा ने कहा कि उनकी टीम जमीनी स्तर पर काम करेगी, गांवों का दौरा कर किसानों की वास्तविक समस्याएं जानने और सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।
यह बैठक सरकार और किसानों के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।