पंजाब: आय से अधिक संपत्ति मामले में बिक्रम मजीठिया की पेशी के दौरान मोहाली कोर्ट के बाहर तनाव, सुखबीर बादल हिरासत में
मोहाली, 2 जुलाई 2025: पंजाब में चर्चित आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मोहाली कोर्ट में पेशी के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। मजीठिया की गिरफ्तारी के विरोध में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल सैकड़ों समर्थकों के साथ मोहाली पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें कोर्ट की ओर बढ़ने से रोकते हुए हिरासत में ले लिया।
इस दौरान सुखबीर बादल और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों से उन्हें कोर्ट परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके बाद अकाली समर्थकों में आक्रोश फैल गया और माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
पंजाब के विभिन्न जिलों में भी हालात नियंत्रण में रखने के लिए अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया है, जिससे वे मोहाली में एकत्र न हो सकें। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मोहाली कोर्ट के आसपास भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की तैनाती कर दी गई है।
बता दें कि बिक्रम मजीठिया को अमृतसर स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया गया था। विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, मजीठिया के पास आय से लगभग ₹540 करोड़ अधिक की संपत्ति पाए जाने के आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने मजीठिया का 7 दिन का रिमांड लिया था, जिसकी मियाद पूरी होने पर आज उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया गया।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मजीठिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, इसलिए उनका रिमांड बढ़ाया जाना जरूरी है।