पंजाब: कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की जान से मारने की धमकी, कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
चंडीगढ़/दिल्ली, 1 अगस्त: पंजाब के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सांसद और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे उदयवीर रंधावा को कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि उनके बेटे पर जानलेवा हमला करने की साजिश रची गई। उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ चूरियां कस्बे में उनके बेटे के एक परिचित के पगड़ी सेंटर पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोलीबारी की। यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जबकि उदयवीर रंधावा एक घंटे पहले तक वहीं मौजूद थे।
रंधावा का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद उनके बेटे को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया द्वारा जान से मारने की धमकी भी मिली है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे पंजाब की जनता के लिए खतरे का संकेत है।
सरकार पर तीखा हमला रंधावा ने पंजाब की भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को गैंगस्टरों का अड्डा बना दिया है।
उन्होंने कहा, “मैं इस समय संसद सत्र के लिए दिल्ली में हूं, लेकिन किसी गैंगस्टर की धमकी मुझे डिगा नहीं सकती। यह घटना बताती है कि आम लोगों की सुरक्षा खतरे में है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।”
जांच की मांग कांग्रेस नेता ने पंजाब सरकार से इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर राजनेताओं के परिवार सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की स्थिति की कल्पना की जा सकती है।
इस घटना ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं और सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।