पंजाब के एडवोकेट जनरल गुरमिंदर सिंह गैरी ने इस्तीफा दिया, राज्य सरकार को नई नियुक्ति की जरूरत
पंजाब के एडवोकेट जनरल (एजी) गुरमिंदर सिंह गैरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सरकार को सौंपा है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या एजी की ओर से बयान नहीं आया है।
गौरतलब है कि गुरमिंदर सिंह गैरी ने अक्टूबर 2023 में एडवोकेट जनरल का पदभार संभाला था, जब वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद घई ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद अब गैरी के इस्तीफे के बाद सरकार को नए एजी की नियुक्ति करनी होगी।
हाल ही में, पंजाब सरकार ने अपने 232 लॉ ऑफिसर्स से इस्तीफा मांगा था, जिसे कार्यालय के पुनर्गठन और कार्यकुशलता बढ़ाने की एक नियमित प्रक्रिया बताया गया था।
पिछले दो वर्षों में पंजाब में एडवोकेट जनरल के पद पर कई बदलाव हुए हैं। इस अवधि में पांच एजी के इस्तीफे हो चुके हैं, जिनमें से एक ने तो सिर्फ एक महीने तक पद संभाला था। यह घटनाक्रम राज्य की कानूनी प्रणाली में अस्थिरता का संकेत देता है।