पंजाब के कॉमेडी किंग जसविंदर भल्ला का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार
मोहाली। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री और थिएटर जगत को गहरा सदमा देते हुए मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता डॉ. जसविंदर भल्ला (65) का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें परसों रात ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत लगातार बिगड़ती रही और आज तड़के करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल यानी 23 अगस्त को दोपहर 1 बजे मोहाली में किया जाएगा। भल्ला की बेटी, जो पिछले दस दिनों से यूरोप में थीं, आज शाम तक मोहाली लौट आएंगी। बेटा पहले से ही घर पर मौजूद है।
जसविंदर भल्ला का सफर 4 मई 1960 को लुधियाना के दोराहा में जन्मे भल्ला ने 1988 में “छणकाटा 88” से बतौर कॉमेडियन अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म “दुल्ला भट्टी” से अभिनय की दुनिया में कदम रखा और पंजाबी सिनेमा के सबसे चर्चित हास्य कलाकारों में शुमार हो गए।
भल्ला ने कला के साथ-साथ शिक्षा जगत में भी अहम भूमिका निभाई। वे पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) में प्रोफेसर रहे और बाद में विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर भी बने। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कृषि तकनीकों और साहित्य को किसानों तक पहुंचाने में विशेष योगदान दिया। किसानों की सेवा और जागरूकता को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी।
उनके निधन से पंजाब में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्म इंडस्ट्री, शिक्षा जगत और किसान समुदाय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।