पंजाब के टिवाना ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी, 6 राज्यों में सर्च अभियान जारी
पंजाब के प्रमुख औद्योगिक समूह, टिवाना ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के ठिकानों पर आयकर विभाग ने 6 राज्यों में छापेमारी की है। इस सर्च अभियान में विभाग की टीमें फतेहगढ़ साहिब जिले के खरौरी, रुड़की सरहिंद पटियाला रोड, महाराष्ट्र के नवेसा, अहमदाबाद के कल्याणगढ़, मध्य प्रदेश के देवास, रुद्रपुर (उत्तराखंड) के महुआ खेड़ा गंज समेत कई अन्य स्थानों पर पहुंची हैं। इसके अलावा, राजपुरा, खन्ना और नारनौल में भी इसके सहयोगी के परिसरों पर जांच की गई है।
यह सर्च अभियान 20 फरवरी से चल रहा है और विभाग को फर्जी खरीद-बिक्री और फर्जी बिलिंग की सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था। अब तक की जांच में अधिकारियों ने नकदी, दस्तावेज़ और रियल एस्टेट में बड़े पैमाने पर निवेश से संबंधित साक्ष्य बरामद किए हैं। यह जांच अघोषित संपत्ति का पैमाना निर्धारित करने के लिए जारी है और जल्द ही इसके बारे में खुलासा किया जाएगा।
आयकर विभाग इस समय काफी सक्रिय है और पंजाब की कई बड़ी कंपनियों के ठिकानों पर सर्च अभियान चला चुका है। हालांकि, अभी तक किसी तरह की कार्रवाई का खुलासा नहीं हुआ है, और दस्तावेजी कार्रवाई जारी है।