पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ नशा तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर बैठक
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नशा तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आयोजित बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। इस बैठक में देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल थे, जहां नशा तस्करी और सुरक्षा से संबंधित सकारात्मक और व्यापक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गृह मंत्री अमित शाह को पंजाब की नशे के खिलाफ सख्त नीतियों और इस दिशा में राज्य द्वारा प्राप्त सफलता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब, जो कि एक सीमावर्ती राज्य है, नशा तस्करी और इसके नकरात्मक प्रभावों को रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और नशा तस्करी की समस्या को समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई और विश्वास दिलाया कि पंजाब इस दिशा में मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। बैठक में यह बात भी सामने आई कि पंजाब की भौगोलिक स्थिति के कारण राज्य ड्रग्स की तस्करी से प्रभावित रहा है, लेकिन राज्य सरकार ने इसे रोकने के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सीमाओं पर निगरानी और सतर्कता बढ़ाने के साथ-साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने सभी राज्यों से इस समस्या के खिलाफ एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया। यह बैठक नशा तस्करी की चुनौती को समाप्त करने और देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।