पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में छात्रों को नौकरी और शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित किया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को लुधियाना में आईटीआई में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी पढ़ाई में पूरी मेहनत करें और मैरिट सूची में अपना नाम लाकर सरकारी नौकरी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो गारंटियां दी थीं, वे पूरी कर दी हैं, और किसी भी व्यक्ति को पैसे के बल पर नौकरी नहीं मिलेगी। जो छात्र हुनर और शिक्षा में अच्छे होंगे, उन्हें सरकार नौकरी देगी। सीएम ने छात्रों को अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकार उन्हें वह “रन-वे” देगी, जिस पर वे अपनी उड़ान भर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले उद्योगपति केवल फंड लेने के लिए राजनीतिक पार्टियों के पास जाते थे, लेकिन अब वे आम आदमी पार्टी की सरकार से जुड़कर अपना घर समझ रहे हैं। उन्होंने लुधियाना के लोगों को ITI के अपग्रेडेशन पर बधाई दी और कहा कि इस अपग्रेडेशन से लुधियाना में युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 62 लाख रुपए प्रतिदिन का टोल प्लाजा बचने से सरकार ने लोगों के पैसे की बचत की है। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन का कार्य चल रहा है और लोग पानी 35 साल बाद देख रहे हैं।
सीएम ने बताया कि सरकार ने 53 हजार 3 सरकारी नौकरियां दी हैं और राज्य में कई बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जैसे टाटा स्टील का सबसे बड़ा प्लांट। इसके साथ ही, पंजाब पुलिस भी अपग्रेड हो रही है और फिल्लौर में एसएचओ को 139 नई गाड़ियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार युवाओं को नशों से दूर रखने और उन्हें विदेश जाने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों में स्किल बहुत है और वे किसी भी काम का जुगाड़ कर लेते हैं। उन्होंने 250 शिक्षकों को विदेश ट्रेनिंग के लिए भेजने का भी जिक्र किया और कहा कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अब स्कूलों में जाकर छात्रों को अपने अनुभवों के बारे में बताएंगे, ताकि वे भी बेहतर करियर विकल्पों के बारे में सोच सकें।
भगवंत मान ने अंत में कहा कि वह पूरे पंजाब के मुखिया हैं और उनका यह कर्तव्य है कि वह अपने परिवार को एकजुट रखें और राज्य के विकास में अपना योगदान दें।