पंजाब पुलिस का ऑपरेशन कॉसो: जालंधर के बलदेव नगर में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम के तहत शनिवार को जालंधर के बलदेव नगर एरिया में ऑपरेशन कॉसो चलाया। यह कार्रवाई पंजाब सरकार की युद्ध नशेयां विरुद्ध योजना के तहत की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व पंजाब पुलिस के एडीजीपी राम सिंह और जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।
इस दौरान, पुलिस ने कई नशा तस्करों के घरों की तलाशी ली और उनसे पूछताछ की। जालंधर के भार्गव कैंप स्थित बलदेव नगर इलाके में 100 से ज्यादा पुलिस मुलाजिमों की टीम ने सुबह के समय यह ऑपरेशन शुरू किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने पूरे इलाके को चारों ओर से सील कर दिया और फिर नशा तस्करों के घरों की गहन तलाशी ली। पुलिस टीमों ने नशा तस्करों और लुटेरों पर नकेल कसने के लिए इस सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह छापेमारी इस तरह से की गई कि पुलिस के किसी भी कदम से पहले तस्करों को कोई जानकारी न मिले। इस दौरान, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और अन्य पुलिस मुलाजिम भी सर्च में शामिल थे।
साथ ही, इस अभियान में एडीसीपी, एसीसी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जो इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे। पुलिस की यह कार्रवाई नशे के खिलाफ राज्य सरकार की सख्त नीति का हिस्सा है और इसका उद्देश्य नशे के कारोबार पर कड़ी शिकंजा कसना है।