पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ फतेहगढ़ साहिब में बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण गिराया
पंजाब पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे बुलडोजर एक्शन के तहत 25 मार्च को फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह में एक कार्रवाई की गई। इस दौरान हरजीत सिंह नामक व्यक्ति की अवैध तरीके से बनाई गई प्रॉपर्टी, जिसमें एक आलीशान घर शामिल था, को गिरा दिया गया। यह घर अभी निर्माणाधीन था।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इस कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों के अनुसार, हरजीत सिंह पर पहले से चार एनडीपीएस (नशीली दवाओं और मानसिक रूप से प्रभावित पदार्थों के खिलाफ कानून) और एक हत्या की कोशिश का केस दर्ज है। वहीं, आरोपी की मां बलजीत कौर पर भी कई लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं। बताया गया कि पूरा परिवार नशे की तस्करी में शामिल था।
इस कार्रवाई में गांववासियों ने पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल शुरुआत है और नशे से जुड़े अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस मौके पर अधिकारियों ने नशा तस्करी में शामिल लोगों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने नशा छोड़ने का प्रयास नहीं किया, तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब सरकार इस समय नशा खत्म करने के लिए विशेष मुहिम चला रही है। इस मुहिम के तहत पुलिस और प्रशासन की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल कमेटी बनाई गई है, जो सभी जिलों में जाकर लोगों से मुलाकात कर फीडबैक ले रही है। साथ ही, गांवों में हेल्थ कमेटियां बनाई गई हैं, जो लोगों को नशे से बचने और इसके खतरों के बारे में जागरूक कर रही हैं।