पंजाब बोर्ड 12वीं रिजल्ट आज दोपहर 3 बजे होगा घोषित, तीन लाख से अधिक छात्र कर रहे इंतजार
चंडीगढ़, 14 मई 2025 – पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) आज दोपहर 3 बजे कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी करेगा। इस मौके पर बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमर पाल सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रिजल्ट की औपचारिक घोषणा करेंगे। इसके बाद छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर जाकर देख सकेंगे।
इस साल कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में पूरे पंजाब से तीन लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। बोर्ड की ओर से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि इस बार रिजल्ट समय पर जारी किया जाएगा ताकि छात्रों को आगे की पढ़ाई या दाखिले में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार रिजल्ट का कोई गजट प्रकाशित नहीं किया जाएगा। यह परिणाम केवल वेबसाइट पर ही उपलब्ध रहेगा और इसकी कॉपी छात्रों को केवल डिजिटल माध्यम से मिलेगी। हार्ड कॉपी केवल उन्हीं छात्रों को प्रदान की जाएगी, जिन्होंने इसके लिए पूर्व में आवेदन किया था। अन्य छात्रों को अपनी मार्कशीट डिजीलॉकर (DigiLocker) से डाउनलोड करनी होगी।
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को PSEB की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा और मांगी गई जानकारी भरनी होगी। इसके अतिरिक्त, जिन छात्रों को ऑनलाइन रिजल्ट देखने में कठिनाई हो, वे अपने संबंधित स्कूल जाकर भी परिणाम देख सकते हैं।
बोर्ड ने यह भी कहा है कि वेबसाइट पर उपलब्ध परिणाम केवल तात्कालिक जानकारी के लिए होगा और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा।
छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे दोपहर 3 बजे के बाद बोर्ड की वेबसाइट पर विजिट करें और परिणाम की जांच करें।