पंजाब में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, बठिंडा देश का सबसे गर्म शहर – 47.6 डिग्री पहुंचा तापमान

चंडीगढ़ | 11 जून 2025 – पंजाब इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले 24 घंटे में राज्य का औसत तापमान 0.3 डिग्री तक बढ़ गया है, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। बठिंडा इस समय देश का सबसे गर्म शहर बन गया है, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। चंडीगढ़ में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, जिसमें अमृतसर, फिरोजपुर, फरीदकोट, बठिंडा, फाजिल्का, मुक्तसर, मानसा, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मोगा, संगरूर, पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं।
बिजली की मांग ने तोड़ा दो साल का रिकॉर्ड
बढ़ती गर्मी के चलते बिजली की खपत में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है। राज्य में बिजली की मांग 16,249 मेगावाट तक पहुंच गई है, जो सोमवार को 15,624 मेगावाट थी। पावरकॉम के अनुसार, यह मांग पिछले दो वर्षों में सबसे ज्यादा है। 2023 में 10 जून को अधिकतम मांग 9,790 मेगावाट थी, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 11,509 मेगावाट तक पहुंचा था। अब मांग 16,249 मेगावाट हो चुकी है, जबकि आपूर्ति की अधिकतम सीमा 16,900 मेगावाट बताई गई है। ऐसे में पावर कट की आशंका भी बनी हुई है।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यह भीषण गर्मी 12 जून तक बनी रह सकती है। 13 जून को कुछ इलाकों में लू जारी रहने की संभावना है। वहीं 14 से 16 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख शहरों का आज का मौसम
-
अमृतसर – तापमान 29°C से 45°C, आसमान साफ, तेज धूप
-
जालंधर – तापमान 27°C से 43°C, धूप में बढ़ोतरी
-
लुधियाना – तापमान 28°C से 45°C, गर्म हवाएं
-
पटियाला – तापमान 29°C से 44°C, लू चलने के आसार
-
मोहाली – तापमान 29°C से 42°C, गर्मी का असर बरकरार










