पंजाब में बढ़ा गर्मी का असर, कई जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

चंडीगढ़: पंजाब में गर्मी ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। हालांकि यह तापमान अभी सामान्य सीमा के भीतर है, लेकिन कुछ जिलों में लू जैसे हालात बनते दिखे, वहीं कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
राज्य के सबसे गर्म स्थान अबोहर और समराला रहे, जहां पारा 38.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा पटियाला, अमृतसर, बठिंडा और लुधियाना में भी तापमान 37 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने फरीदकोट, मोगा, पठानकोट, पटियाला, मोहाली, संगरूर, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का और रूपनगर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि तेज आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले में ना रहें, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहें। साथ ही किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की हिदायत दी गई है।
मुख्य शहरों का आज का अनुमानित मौसम:
-
अमृतसर: 23–35°C, हल्के बादल और बारिश की संभावना
-
जालंधर: 25–36.1°C, हल्के बादल और बारिश की संभावना
-
लुधियाना: 24–37°C, गरज-बरसात के आसार
-
पटियाला: 25–36°C, बादल और हल्की बारिश की चेतावनी
-
मोहाली: 26–37°C, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना










