पंजाब में बाढ़ का कहर जारी: जालंधर, कपूरथला और फगवाड़ा में भारी बारिश, स्कूल-कॉलेज बंद

जालंधर, 1 सितंबर 2025 – पंजाब में बाढ़ से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के 9 जिले पहले ही बाढ़ की चपेट में हैं — जिनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल हैं। अब जालंधर, कपूरथला और फगवाड़ा में हो रही लगातार तेज बारिश ने स्थिति और गंभीर बना दी है।
स्कूल-कॉलेज में छुट्टी, शहर भर में जलभराव
मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र, 1 सितंबर को जालंधर और आसपास के जिलों में सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है।
शहर के कई इलाकों में ऐसे स्थानों पर भी पानी भर गया है, जहां पहले कभी जलभराव नहीं हुआ था। डिफेंस कॉलोनी, मॉडल टाउन, पीपीआर मार्केट, आदर्श नगर और अन्य पॉश इलाकों में गहरे पानी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
बेसमेंट की दुकानों में भरा पानी, करोड़ों का नुकसान
बारिश के कारण बेसमेंट में बनी दुकानों में पानी भर गया, जिससे व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सामान खराब हो गया है और दुकानें अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी हैं।
जिला प्रशासन अलर्ट पर, डीसी ने जारी किया संदेश
जालंधर के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा:
“पिछले कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बिजली की समस्या हुई है। लेकिन प्रशासन की सभी टीमें अलर्ट पर हैं और हालात को जल्दी सामान्य किया जाएगा।“










