पंजाब में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, कई जिलों में जलभराव की स्थिति

पंजाब में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, कई जिलों में जलभराव की स्थिति

होशियारपुर के भंगी-चोर में ओवर फ्लो हुआ पानी। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़, 15 अगस्त: पंजाब में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम विभाग ने आज फिर से येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के तीन जिलों — पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर — में भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम के सामान्य रहने का अनुमान है।

बारिश के चलते राज्य में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान अमृतसर में 14 मिमी, लुधियाना में 18 मिमी, पटियाला में 1 मिमी, होशियारपुर में 62 मिमी, मोहाली में 14.5 मिमी, पठानकोट में 4 मिमी, रूपनगर में 10.5 मिमी और एसबीएस नगर में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान औसतन 3.3 डिग्री सेल्सियस गिरा है और सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे चला गया है।

अमृतसर में सभरां ब्रांच नहर का जलस्तर बढ़ा, तीन गांव प्रभावित
अमृतसर में सभरां ब्रांच नहर रईया के पास ओवरफ्लो हो गई, जिससे आसपास के तीन गांव प्रभावित हुए हैं। नहर का पानी खेतों तक पहुंच गया, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है। जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से रातोंरात ओवरफ्लो वाले हिस्से को भरने का कार्य किया। डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि बचाव कार्य में स्थानीय लोगों का अहम योगदान रहा।

होशियारपुर में नदी-नाले उफान पर, प्रशासन की लोगों से अपील
वहीं, होशियारपुर जिले में हिमाचल से आने वाली नदियां और नाले उफान पर हैं। भंगी-चो नाला भी ओवरफ्लो होकर बह रहा है, जिससे निचले इलाकों में खतरे की स्थिति बन गई है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे छोटे पुलों या ओवरफ्लो हो रहे रास्तों से बचें और सुरक्षित मार्गों का ही प्रयोग करें।

सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें।

राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्यों के लिए टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें