पंजाब में भीषण बाढ़: 7 ज़िले जलमग्न, 150 गांव डूबे, राहत-बचाव कार्य जारी

पंजाब में भीषण बाढ़: 7 ज़िले जलमग्न, 150 गांव डूबे, राहत-बचाव कार्य जारी

पठानकोट- जम्मू हाईवे पर जलभराव हो गया। जिससे आवाजाही रोक दी गई है। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़ | 27 अगस्त 2025 — पंजाब में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और डैमों से छोड़े जा रहे पानी ने हालात को और भी गंभीर बना दिया है। राज्य के सात ज़िले — पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का — बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जहां 150 से अधिक गांव जलमग्न हो गए हैं। राहत कार्यों के लिए NDRF, SDRF और सेना की टीमें जुटी हुई हैं। अब तक 92 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।

हाईवे और रेल लाइनें प्रभावित

पठानकोट-जम्मू हाईवे के पास ऊपरी बारी दोआब नहर (UBDC) के टूटने से हालात और बिगड़ गए हैं। हाईवे के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। वहीं, भारी बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण जम्मू की ओर जाने वाली रेल सेवा भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

डैमों से छोड़ा जा रहा पानी

  • रणजीत सागर डैम में जलस्तर 527 मीटर के खतरनाक निशान को पार कर गया है, जिससे रावी नदी में 1.10 लाख क्यूसेक और उझ नदी में 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

  • पौंग डैम से भी 40,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

प्रशासन अलर्ट पर

सरकार ने बाढ़ प्रभावित जिलों में सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं ताकि लोगों को समय रहते सहायता मिल सके। 30 अगस्त तक सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है।

मुख्यमंत्री का दौरा और मंत्री कमेटी गठित

मुख्यमंत्री भगवंत मान आज पठानकोट और गुरदासपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। साथ ही उन्होंने बाढ़ से निपटने के लिए मंत्रियों की एक विशेष कमेटी का गठन भी कर दिया है, जो हालात की निगरानी और राहत कार्यों की प्रगति पर नजर रखेगी।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने पठानकोट, गुरदासपुर, बरनाला, संगरूर और मनसा में बुधवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

तापमान में मामूली वृद्धि

भारी बारिश के बावजूद राज्य का औसत अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री तक बढ़ा है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें