पंजाब में मौसम का मिज़ाज बदला: बारिश और तापमान में गिरावट, दिल्ली की 7 फ्लाइट्स अमृतसर डायवर्ट

पंजाब में मौसम का मिज़ाज बदला: बारिश और तापमान में गिरावट, दिल्ली की 7 फ्लाइट्स अमृतसर डायवर्ट

हल्के बादलों के बीच गोल्डन टेंपल का मनमोहक दृश्य। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़, 12 अप्रैल – पंजाब में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम ने करवट ली है। राज्य के कई जिलों में घने बादल छाए रहे, जबकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 6.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

अमृतसर में 4 मिमी बारिश, पटियाला और बठिंडा सबसे गर्म
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को अमृतसर में 4 मिमी वर्षा हुई। शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि किसी तरह का चेतावनी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34.4°C दर्ज किया गया, जो पटियाला और बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी गिरावट, फिर भी सामान्य से अधिक
न्यूनतम तापमान में भी औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.7°C थीन डैम पठानकोट में दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब, 7 फ्लाइट्स अमृतसर डायवर्ट
दिल्ली-एनसीआर में देर रात आए खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों की लैंडिंग प्रभावित हुई। घने बादल, तेज हवाएं और दृश्यता में कमी के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर मोड़ा गया। कुल 7 फ्लाइट्स को अमृतसर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।

डायवर्ट की गई फ्लाइट्स की सूची:

  • AI2220 – काठमांडू से दिल्ली

  • AI2718 – कोयंबटूर से दिल्ली

  • AI2983 – पुणे से दिल्ली

  • AI2459 – कोचीन से दिल्ली

  • AI814 – भुज से दिल्ली

  • AI2910 – मुंबई से दिल्ली

  • AI2356 – बैंकॉक से दिल्ली

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों की जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से प्राप्त करें। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Leave a Comment

और पढ़ें