पंजाब विधानसभा का स्पेशल सेशन जारी, आज पास होंगे छह बिल; बाढ़ पुनर्वास प्रस्ताव पर होगी चर्चा और वोटिंग

चंडीगढ़, 29 सितंबर: पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार द्वारा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बुलाए गए विधानसभा के स्पेशल सेशन का आज दूसरा और अंतिम दिन है। इस दौरान लगभग छह महत्वपूर्ण बिलों को पारित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, विधानसभा में पंजाब के बाढ़ पुनर्वास से जुड़े प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा और वोटिंग भी होगी।
पुनर्वास प्रस्ताव में केंद्र सरकार को चेतावनी
इस प्रस्ताव में केंद्र सरकार से 20 हजार करोड़ रुपये की मदद न मिलने की स्थिति में उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने का प्रस्ताव रखा गया है। पंजाब सरकार ने इस राशि को बाढ़ प्रभावितों की राहत और पुनर्वास के लिए बेहद जरूरी बताया है।
बीजेपी का सेशन बायकॉट, करेगी ‘जनता की विधानसभा’
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस स्पेशल सेशन का बहिष्कार किया है। पार्टी ने सेक्टर-37 में एक ‘जनता की विधानसभा’ आयोजित की है, जिसमें वे राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ अपनी बात रखेंगे।
सेशन के एजेंडे पर नजर
-
सेशन की शुरुआत में पंजाब के वित्तीय जिम्मेदारी और बजट प्रबंधन कानून 2003 की धारा 6(1) के तहत वित्त वर्ष 2023-24 की वित्तीय उपलब्धियां और खर्च को विधानसभा में पेश किया जाएगा।
-
इसे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 के साथ तुलना कर रखा जाएगा।
-
इसके बाद बाढ़ पुनर्वास पर गंभीर चर्चा शुरू होगी और संबंधित प्रस्ताव पर वोटिंग होगी।










