पंजाब शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दक्षिण कोरिया के सम्मेलन में पंजाब सरकार की शिक्षा योजनाओं का किया उल्लेख

पंजाब शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दक्षिण कोरिया के सम्मेलन में पंजाब सरकार की शिक्षा योजनाओं का किया उल्लेख

पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दक्षिण कोरिया के जिओंगी डू शहर में आयोजित यूनेस्को के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए क्रांतिकारी कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों का समाधान शिक्षा के क्षेत्र में नवीन बदलावों के माध्यम से ही संभव है, और पंजाब सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

हरजोत सिंह बैंस ने सम्मेलन के दौरान बताया कि पंजाब सरकार ने शैक्षिक वातावरण को मजबूत बनाने के लिए बुनियादी ढांचा विकास मिशन की शुरुआत की है। इस मिशन के तहत नए क्लासरूमों का निर्माण, स्कूलों की सुरक्षा के लिए चारदीवारी का निर्माण, विद्यार्थियों के लिए बस सेवाओं की शुरुआत, स्कूलों में वाई-फाई की सुविधा और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी।

मंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब की शैक्षिक रणनीति वैश्विक स्तर पर शिक्षा और शिक्षकों के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। इस दिशा में राज्य द्वारा शिक्षकों के लिए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनमें सिंगापुर प्रिंसिपल अकादमी और फिनलैंड के शिक्षा मॉडल के तहत विशेष प्रशिक्षण शामिल है।

इसके अलावा, पंजाब सरकार ने नए शिक्षा सिद्धांतों को पेश किया है, जिसमें ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ (पेशेवर शिक्षा), ‘स्कूल ऑफ एप्लाइड लर्निंग’ (कुशलताओं पर आधारित शिक्षा) और ‘स्कूल ऑफ हैपीनेस’ (बाल-मनौविज्ञान-आधारित शिक्षा) शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य नए युग की शिक्षा नीति के अनुरूप एक बेहतर और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण तैयार करना है।

Leave a Comment

और पढ़ें