पंजाब सरकार ने डेंगू के खिलाफ छेड़ी बड़ी मुहिम, 881 आम आदमी क्लीनिकों में टेस्ट सुविधा शुरू
1 मई से हर शुक्रवार चलेगा जागरूकता अभियान, 80% मामलों में कमी लाने का लक्ष्य
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य में डेंगू की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के 881 आम आदमी क्लीनिकों में डेंगू टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहली बार है जब इन क्लीनिकों में यह सुविधा शुरू की गई है। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य डेंगू के मामलों में 80% तक कमी लाना है।
1 मई से डेंगू अवेयरनेस ड्राइव स्वास्थ्य विभाग ने 1 मई से हर शुक्रवार को डेंगू की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया है। इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर फ्रिज की ट्रे, डेजर्ट कूलर, पानी से भरे बर्तन आदि की जांच करेंगे, ताकि मच्छर के लार्वा की पहचान की जा सके।
59 हजार नर्सिंग और एक लाख पैरामेडिकल स्टूडेंट्स को ट्रेनिंग स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए इस बार सरकार ने एक नई रणनीति अपनाई है। जहां पहले पूरे राज्य में सिर्फ 1200 ब्रीडिंग चैकर थे, वहीं अब 59,000 नर्सिंग स्टूडेंट्स और 1 लाख पैरामेडिकल स्टूडेंट्स को प्रशिक्षित कर ‘लारवा चैकर’ बनाया गया है। इसके अलावा स्कूल टीचर्स और पंचायत स्तर पर भी ट्रेनिंग दी जा रही है।
पिछले साल 6 जिले रहे थे डेंगू-मुक्त सेहत मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले साल राज्य के 6 जिले ऐसे थे जहां स्थानीय लोगों को डेंगू नहीं हुआ था—ज्यादातर मामले बाहर से आए लोगों के थे। इस बार सरकार का पूरा फोकस है कि सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण को फैलने से पहले ही रोका जाए।