पंजाब सरकार ने हिमाचल की बारिश और डैमों के जलस्तर को लेकर की समीक्षा बैठक, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में – मंत्री बरिंदर गोयल

पंजाब सरकार ने हिमाचल की बारिश और डैमों के जलस्तर को लेकर की समीक्षा बैठक, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में – मंत्री बरिंदर गोयल

कैबिनेट मिनिस्टर बरिंदर गोयल। - Dainik Bhaskar

चंडीगढ़, 29 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और प्रमुख बांधों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पंजाब सरकार ने आज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मंत्री गोयल ने जानकारी दी कि भाखड़ा, पौंग और रणजीत सागर जैसे प्रमुख डैमों की मौजूदा स्थिति का विश्लेषण किया गया है। उन्होंने बताया कि भाखड़ा डैम में इस समय 1618.38 फीट पानी मौजूद है, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 1680 फीट है। वहीं पौंग डैम में 1346 फीट पानी रिकॉर्ड किया गया है, और इसमें अब भी 30.787 फीट की अतिरिक्त क्षमता मौजूद है। रणजीत सागर डैम में जलस्तर 1664 फीट तक पहुंच चुका है, लेकिन अब भी इसमें 54 फीट की जगह शेष है।

मंत्री ने कहा कि डैमों में इनफ्लो (पानी की आमद) जरूर अधिक है, लेकिन स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सरकार ने सभी जरूरी कदम उठा लिए हैं। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रबंधन के लिए अब तक कुल 276 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके तहत 94 संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर वहां विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं।

आपदा से निपटने के लिए भरवाए गए मिट्टी के बैग

बरिंदर गोयल ने बताया कि आपात स्थिति में बाढ़ से बचाव के लिए मिट्टी से भरे बैगों का इंतजाम पहले से कर लिया गया है। कुल 8.76 लाख खाली बैग उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें से 3.24 लाख बैग पहले ही मिट्टी से भरकर तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा जंबो बैग की भी व्यवस्था की गई है जो जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जल प्रवाह को रोकने में कारगर साबित होंगे।

ड्रेनों की सफाई में भी तेजी

ड्रेनों की सफाई पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य में कुल 8 हजार किलोमीटर लंबी ड्रेनों में से करीब 4 हजार किलोमीटर की सफाई पहले ही पूरी की जा चुकी है। शेष ड्रेनों की स्थिति संतोषजनक पाई गई है और उन्हें फिलहाल सफाई की जरूरत नहीं है।

Leave a Comment

और पढ़ें