पटियाला के किला मुबारक में बने होटल रनवास द पैलेस का उद्घाटन, लोहड़ी पर समर्पित
पंजाब के पटियाला स्थित किला मुबारक में बने होटल रनवास द पैलेस को आज (सोमवार) लोहड़ी के अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा जनता के लिए समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान इसका उद्घाटन करेंगे। यह होटल सिख पैलेस में स्थित होने के कारण अपने आप में अनूठा है और दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया का एकमात्र ऐसा होटल है। सरकार ने इसके उद्घाटन के साथ ही इसे होटल डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने और पर्यटन को बढ़ाने का भी उद्देश्य रखा है, खासकर राजस्थान के तर्ज पर।
इस प्रोजेक्ट पर कई सालों से काम चल रहा था, लेकिन 2022 में इस पर तेजी से काम शुरू हुआ। किला मुबारक के रनवास, गिलौखाना और लस्सी खाना को हेरिटेज होटल में तब्दील किया गया है। पुरातत्व विभाग ने इसकी मरम्मत का कार्य दिल्ली की एक संस्था से करवाया है। प्रारंभिक चरण में सरकार ने इसके लिए छह करोड़ रुपये का फंड जारी किया था। होटल किला मुबारक के भीतर स्थित है, जो पटियाला के संस्थापक बाबा आला सिंह का घर हुआ करता था। किले में प्रवेश करते ही बायीं ओर रनवास भवन है, जहां पटियाला राज्य की रानियां रहती थीं।
होटल की सुविधाएं भी बहुत ही खास हैं, जैसे इस दो मंजिला इमारत के ऊपरी हिस्से में तीन बेहतरीन पेंटिंग चैंबर हैं, जिनमें मूल्यवान पेंटिंग्स लगी हुई हैं। लस्सी खाना नामक स्थान पर खाना तैयार किया जाता था और यह महिला नौकरानियों के लिए था। इमारत के निचले हिस्से में हॉल हैं जिन्हें पार्टीशन के जरिए कमरे में बदला गया है।
किला मुबारक का निर्माण 1763 में पटियाला राजवंश के संस्थापक बाबा आला सिंह ने कच्ची गढ़ी (मिट्टी का किला) के रूप में करवाया था, जिसे बाद में पक्की ईंटों से बनाया गया। किले का अंदरूनी हिस्सा, जिसे किला अंदरून कहा जाता है, महाराजा अमर सिंह द्वारा बनवाया गया था।