पटियाला: ज्ञान चंद भारद्वाज ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी

पटियाला: ज्ञान चंद भारद्वाज ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी

पंजाब के पटियाला में राइस मिलर्स एसोसिएशन पंजाब के अध्यक्ष ज्ञान चंद भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सरहिंद रोड पर स्थित 1844 गज के प्लॉट के विवाद में उनके और उनके परिवार पर पिछले महीने जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी कर रही है।

भारद्वाज ने कहा कि यह प्लॉट भूषण कुमार के साथ कानूनी विवाद में था, जिसमें सेशन कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। 21-22 दिसंबर 2024 को जब वे प्लॉट की चारदीवारी का निर्माण करवा रहे थे, तब भूषण कुमार और उनके साथियों ने उन पर हमला किया। इस घटना के बाद भारद्वाज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पुलिस उच्चाधिकारियों को गुमराह कर रही है और झूठी जानकारी दे रही है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बावजूद आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी हैं। उन्होंने डीजीपी और गृह सचिव को आवेदन दिया है, लेकिन पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।

इस मामले में एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी कुमार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि अगर उनके प्रदेश अध्यक्ष को न्याय नहीं मिला, तो वे संघर्ष तेज करेंगे।

वहीं, एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी तरफ, भूषण कुमार का कहना है कि प्लॉट उनका है और भारद्वाज ने अवैध कब्जा किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें