पटियाला में तहसीलदार की कुर्सी पर एजेंट, राजस्व विभाग में फाइलों की प्राथमिकता पर सवाल
पंजाब के पटियाला राजस्व विभाग में वायरल हुई एक फोटो ने सुर्खियाँ बटोरी हैं। आरोप है कि एक प्राइवेट व्यक्ति (एजेंट) खुलेआम तहसीलदार की कुर्सी पर बैठकर रजिस्ट्री का काम संभाल रहे हैं, जबकि आम लोगों को इसी प्रक्रिया में परेशानी उठानी पड़ती है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त आयुक्त राजस्व (FCR) अनुराग वर्मा ने इस मामले का संज्ञान लिया है और संबंधित जिला कमिश्नर से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी तरह की खामी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार पिछले आठ महीनों में तहसीलों के सिस्टम सुधार के लिए कई कदम उठा चुकी है। लेकिन इस तरह की फोटो सामने आने से सवाल उठ रहे हैं कि क्या सिस्टम में वास्तविक सुधार हुआ है। वायरल फोटो में दावा किया गया कि एजेंटों द्वारा भेजी गई फाइलों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि बाकी लोगों को देरी और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान भी तहसीलों और थानों के सिस्टम सुधार के पक्ष में हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के प्रोग्राम में कहा था कि देश को 79 साल हो गए, लेकिन लोगों को असली आजादी तब मिलेगी जब पुलिस थानों में बिना रिश्वत के काम होंगे और तहसीलों में कोई परेशान नहीं होगा। अधिकारियों का कहना है कि वे खुद तहसीलों में जाकर सिस्टम की जांच करते रहते हैं।