पठानकोट में AAP का प्रदर्शन, भाजपा विधायक अश्वनी शर्मा के घर का घेराव, केंद्र सरकार पर पंजाब विरोधी नीति अपनाने का आरोप
पठानकोट, 1 मई 2025 – पंजाब में SYL और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के पानी को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पठानकोट में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अश्वनी शर्मा के घर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व AAP के वरिष्ठ नेताओं व कैबिनेट मंत्री लालचंद कट्टारु चक ने किया, जिनके साथ जिला अध्यक्ष अमित सिंह मंटू, नेता विभूति शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
“पंजाब विरोधी रवैया अपना रही केंद्र सरकार” – लालचंद कट्टारु चक
प्रदर्शन के दौरान मंत्री लालचंद कट्टारु चक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जानबूझकर पंजाब के खिलाफ फैसले ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र न केवल पंजाब के किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है, बल्कि राज्य को बदनाम करने की साजिश भी कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा पहले ही अपने हिस्से का पानी ले चुका है और अब BBMB के जरिए दोबारा पानी दिए जाने का निर्णय पंजाब के हित में नहीं है। “हम केंद्र से पूछते हैं – जब खुद पंजाब पानी की किल्लत से जूझ रहा है, तो उसे मजबूर क्यों किया जा रहा है कि वह दूसरों को पानी दे?” – मंत्री ने कहा।
पूरे राज्य में गहराता जा रहा है विरोध
इससे पहले लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और अन्य जिलों में भी इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं, जहां आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रियों के खिलाफ नारेबाजी की और पुतले फूंके।
पंजाब सरकार पहले ही हरियाणा को पानी की आपूर्ति सीमित करने की घोषणा कर चुकी है, और अब AAP इसे जन आंदोलन का रूप देने की ओर बढ़ रही है।