पहलवान हमले के बाद भारत सरकार का कड़ा कदम: अटारी चेक पोस्ट से भारत-पाक व्यापार तत्काल प्रभाव से बंद
नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2025 — जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ व्यापार के एकमात्र वैध जमीनी मार्ग अटारी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) को तत्काल प्रभाव से बंद करने का ऐलान किया है। इस हमले में 28 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई थी, जिससे पूरे देश में आक्रोश का माहौल है।
इस निर्णय की जानकारी बुधवार को हुई कैबिनेट सुरक्षा समिति की बैठक के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सार्वजनिक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो यात्री वैध दस्तावेजों के साथ पहले ही इस मार्ग से पाकिस्तान जा चुके हैं, उन्हें 1 मई 2025 तक वापसी की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद यह मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
अटारी चेक पोस्ट पर पसरा सन्नाटा
जहां पहले इस चेक पोस्ट पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें देखी जाती थीं, वहीं आज वहां सन्नाटा पसरा हुआ है। अटारी, पंजाब के अमृतसर से महज 28 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यह भारत-पाक व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा है। यह 120 एकड़ में फैला हुआ है और नेशनल हाईवे-1 से सीधे जुड़ा है। यही नहीं, अफगानिस्तान से आने वाले माल के लिए भी यह मार्ग अहम भूमिका निभाता रहा है।
2023-24 में हुआ था ₹3,886 करोड़ का व्यापार
वित्त वर्ष 2023-24 में अटारी लैंड पोर्ट के माध्यम से भारत और पाकिस्तान के बीच ₹3,886.53 करोड़ का व्यापार दर्ज किया गया था। इस दौरान 6,871 कार्गो मूवमेंट और 71,563 पैसेंजर क्रॉसिंग हुई थीं।
भारत से पाकिस्तान को सोयाबीन, चिकन फीड, सब्जियां, लाल मिर्च, प्लास्टिक दाना और यार्न जैसे सामान भेजे जाते थे, जबकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से भारत में सूखे मेवे, जिप्सम, सीमेंट, कांच, सेंधा नमक और कई प्रकार की जड़ी-बूटियां आती थीं।
भारत सरकार के इस कड़े निर्णय को आर्थिक प्रतिबंध के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पाकिस्तान को गंभीर झटका लग सकता है। फिलहाल देश की सुरक्षा सर्वोपरि मानते हुए भारत ने यह संदेश दिया है कि आतंक के खिलाफ उसकी नीति में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।