शिमला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित हो चुके हैं. इस बार के परिणाम में बीते 4 वर्षों की तुलना में 19.01 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. वर्ष 2021 में 12वीं कक्षा का परिणाम 92.77 प्रतिशत था, जबकि 2024 में 73.76 प्रतिशत रहा. इस बार 85 हज़ार 777 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिसमें 62 हजार 92 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए. 12वीं के परिणामों में छात्राओं का बोलबाला रहा. मेरिट में 41 छात्रों में से 30 लड़कियां हैं. सिर्फ 11 लड़कों को ही मेरिट में जगह मिली.
जानकारी के अनुसार, शिक्षा बोर्ड द्वारा रिकॉर्ड 25 दिनों में 12वीं का रिजल्ट जारी किया गया है. साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम में कुल 41 छात्र टॉप 10 में रहे. इनमे 10 विद्यार्थी सरकारी स्कूल तो 31 विद्यार्थी प्राइवेट स्कूलों से टॉप 10 में रहे. सरकारी स्कूलों के 10 विद्यार्थियों में 3 लड़के और 7 लड़कियां मेरिट में रहीं. वहीं, प्राइवेट स्कूलों से 23 लड़कियां और 8 लड़के मेरिट लिस्ट में रहे. इस बार के बोर्ड परिणामों में प्राइवेट स्कूलों का दबदबा रहा है.
9 हजार छात्र फेल
12वीं की परीक्षा में 85 हजार 777 विद्यार्थी ने भाग लिया, जिसमें 63 हजार 92 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की. इसमें 9 हजार 103 विद्यार्थी फेल हुए और 13 हजार 276 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट है. कुल 41 हजार 673 लड़कियों और 44 हजार 104 लड़कों ने परीक्षा में भाग लिया. इसमें 238 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए.
सरकारी स्कूल के कितने विद्यार्थी
परीक्षा के लिए कुल 85 हजार 777 छात्रों ने पंजीकरण करवाया था, जिसमें 85 हजार 539 छात्रों ने परीक्षा दी. इसमें सरकारी स्कूलों से 71 हजार 325 छात्र रहे, जिसमें 35 हजार 552 लड़कियां और 35 हजार 773 लड़कों ने परीक्षा में भाग लिया. वहीं, निजी स्कूलों से 14 हजार 214 छात्र रहे, जिसमें 6 हजार 23 लड़कियां और 8 हजार 191 लड़कों ने परीक्षा में भाग लिया. परीक्षा के दौरान 238 बच्चे नदारद रहे, जिसमें 98 लड़कियां और 140 लड़के शामिल हैं.
.
Tags: 12th results, Board Results, Himachal news, Local18, Shimla News
FIRST PUBLISHED : April 30, 2024, 11:20 IST










