पीएसपीसीएल में लागू होगा ड्रेस कोड: ड्यूटी के दौरान भड़कीले और छोटे कपड़े पहनने पर पाबंदी, उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
पीएसपीसीएल (पंजाब State Power Corporation Limited) ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक नया ड्रेस कोड लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान भड़कीले और छोटे कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। सभी कर्मचारियों को कार्यालय समय के दौरान औपचारिक पोशाक पहनने का आदेश दिया गया है।
महिला कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड में सलवार-कुर्ता, साड़ी, फॉर्मल शर्ट और ट्राउज़र का विकल्प है, जबकि पुरुष कर्मचारियों को पैंट, पूरी आस्तीन की शर्ट, कोट, स्वेटर या कुर्ता-पायजामा पहनने की अनुमति होगी। कोई भी कर्मचारी भड़कीले, छोटे, कम कमर वाले कपड़े, लोअर पैंट या बिना आस्तीन की शर्ट नहीं पहन सकेगा।
चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के लिए विशिष्ट वर्दी का निर्धारण किया गया है – पुरुष कर्मचारियों के लिए खाकी वर्दी और महिला कर्मचारियों के लिए सफेद वर्दी और ग्रे दुपट्टा अनिवार्य होगा।
इसके अलावा, सभी कर्मचारियों को कार्यालय समय के दौरान अपना पहचान पत्र और टैग गले में लटकाए रखने का आदेश दिया गया है, और टैग के रंग कर्मचारियों के रैंक के आधार पर तय किए गए हैं।
अगर कोई कर्मचारी इस ड्रेस कोड का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और आरोप पत्र तैयार किया जाएगा। विभाग ने यह कदम पीएसपीसीएल की छवि को बेहतर बनाने और कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के लिए उठाया है।