पीजीआई नर्सिंग छात्रा लापता मामले में CCTV फुटेज नहीं मिलने पर सवाल, यूनियन ने लगाई लापरवाही की आशंका
चंडीगढ़: पीजीआई चंडीगढ़ के नर्सिंग इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एजुकेशन (NINE) में हॉस्टल से नर्सिंग छात्रा के लापता होने के मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है। यह आरोप पीजीआई कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन की ज्वॉइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन अश्वनी कुमार मुंजाल ने लगाए हैं।
मुंजाल ने बताया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में पीजीआई प्रशासन ने स्वीकार किया कि NINE के मेन गेट पर लगे CCTV कैमरे उस समय खराब थे, इसलिए फुटेज उपलब्ध नहीं है। घटना 22-23 जुलाई 2025 की रात हुई थी, जब छात्रा हॉस्टल की दीवार फांदकर बाहर चली गई थी और पूरी रात गायब रहने के बाद अगले दिन सुबह 10-11 बजे के बीच लौटी।
चेयरमैन मुंजाल ने कहा कि प्रशासन ने सिर्फ मेन गेट के कैमरे के खराब होने की बात कही, जबकि हॉस्टल परिसर के अन्य कैमरों की फुटेज के बारे में कोई जवाब नहीं दिया गया। इससे गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि इतने संवेदनशील स्थान पर लगे कैमरे क्यों खराब थे और कहीं महत्वपूर्ण सबूत छुपाने की कोशिश तो नहीं की जा रही।