प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब और हिमाचल का दौरा आज, बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 9 सितंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यह दौरा दोनों राज्यों में आई भीषण बाढ़ के बाद प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। पंजाब और हिमाचल की राज्य सरकारें पहले ही इन राज्यों को बाढ़ग्रस्त घोषित कर चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह सबसे पहले हवाई जहाज के जरिए पठानकोट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से हिमाचल प्रदेश के सबसे ज्यादा प्रभावित तीन जिलों — चंबा, कुल्लू और मंडी — का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वे सुबह करीब 11:30 बजे गग्गल एयरपोर्ट पर उतरेंगे और धर्मशाला जाकर दोपहर 12 बजे अधिकारियों से समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे।
हिमाचल दौरे के बाद प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से दोबारा पठानकोट लौटेंगे और फिर गुरदासपुर पहुंचेंगे, जहां वे बाढ़ पीड़ितों से सीधी मुलाकात करेंगे।
चूंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत ठीक नहीं है और वे अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए पंजाब सरकार की ओर से चीफ सेक्रेटरी प्रधानमंत्री को बाढ़ के नुकसान की रिपोर्ट सौंपेंगे।
गुरदासपुर में होने वाली इस मुलाकात के दौरान पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ और कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर पठानकोट और गुरदासपुर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दोनों राज्यों को उम्मीद है कि इस दौरे के बाद बाढ़ राहत के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जा सकती है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने केंद्र सरकार से 80 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मांग की है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल राहत और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को भी बल मिलने की संभावना है।