प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब दौरा: बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात, 1600 करोड़ की मदद का ऐलान
चंडीगढ़/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 9 सितंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और इसके बाद पंजाब के बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य को राहत पहुंचाने के लिए 1600 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें वे हेलिकॉप्टर से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जायज़ा लेते और बाढ़ पीड़ितों से बातचीत करते नजर आए। उन्होंने कहा कि “ऐसे समय में यह नहीं सोचना चाहिए कि कोई हाल पूछने या हाथ पकड़ने वाला नहीं है। केंद्र सरकार आपके साथ खड़ी है।”
बाढ़ प्रभावितों से भावनात्मक मुलाकात
प्रधानमंत्री जब राहत शिविर में पहुंचे, तो कुछ बाढ़ पीड़ित लोग पीछे की पंक्तियों में बैठे थे। इस पर उन्होंने कहा, “पास में आ जाइए, मैं आपके लिए ही आया हूं।” एक किसान ने प्रधानमंत्री को पेन भेंट करते हुए भावुक अंदाज़ में कहा, “यह एक छोटी सी चीज आपको भेंट कर रहा हूं। इससे पंजाब का लेख (भाग्य) लिख दो।” पीएम मोदी ने मुस्कराते हुए पेन लिया और कहा, “यह आपका प्यार है भाई।”
केंद्र सरकार हर संभव मदद को तैयार: पीएम
वीडियो में एक बैठक का दृश्य भी दिखाया गया, जहां प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी और भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर सहायता दी जाएगी। बैठक में NDRF के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री को बाढ़ के कारण खराब हुई धान की फसल भी दिखाते हुए किसानों की स्थिति से अवगत कराया।
“सरकार की जरूरत ऐसे समय में होती है”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “किसी भी नागरिक को यह नहीं लगना चाहिए कि मेरा कोई पूछने वाला नहीं है। ऐसा ही समय होता है जब लोगों को सरकार की जरूरत होती है। इसलिए बड़ी संवेदनशीलता के साथ सिस्टम में काम करना चाहिए।”
प्रधानमंत्री का यह दौरा बाढ़ पीड़ितों के लिए न केवल राहत लेकर आया, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता और मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचायक रहा।