फरीदकोट: लोहड़ी से पहले गज्जक बनाने की अस्वच्छ विधि पर सेहत विभाग की कार्रवाई
फरीदकोट में लोहड़ी के त्योहार से पहले सेहत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीचर कॉलोनी में अस्वच्छ तरीके से गज्जक बनाने की सूचना मिलने के बाद फूड सेफ्टी अफसर हरविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। टीम ने मौके से गज्जक के दो नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
जिले में लोहड़ी के दौरान बड़े पैमाने पर गज्जक और रेवड़ी बनाई जा रही हैं, लेकिन कई स्थानों पर स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा और सेहत विभाग के मानकों का पालन भी नहीं हो रहा। इस मामले के उजागर होने के बाद सेहत विभाग ने दुकानदारों को स्वच्छता के लिए नोटिस जारी किए हैं।
फूड सेफ्टी अफसर ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद, लगभग 15 दिनों में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य पदार्थ बनाने वालों से अपील की है कि वे फूड सेफ्टी एक्ट के तहत पंजीकरण करवाएं और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।