बोकारो. अक्सर किसान को खेती के दौरान तना छेदने वाले, फल छेदने वाले या पत्तियों को खाने वाले कीड़े परेशान करते हैं. इससे बचाव के लिए किसान रासायनिक कीटनाशक का उपयोग करते हैं. जिससे भूमि और फसल के स्वास्थ्य पर खराब असर पड़ता है. कई बार गरीब किसान कीटनाशक के महंगे होने के कारण इसका उपयोग भी नहीं कर पाते और फसल खराब हो जाती है.
ऐसे में बोकारो के कृषि पदाधिकारी उमेश तर्की ने घर पर प्राकृतिक कीटनाशक अग्नि अस्त्र बनाने का आसान तरीका बताया है. कृषि विशेषज्ञ का दावा है कि इस कीटनाशक से फसल और खेत की जमीन दोनों सुरक्षित रहेंगे. सुझाव दिया कि इस देसी कीटनाशक की मदद से किसान अपनी फसल की रक्षा कर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकता है और बढ़िया मुनाफा भी कमा सकता है.
आसानी से तैयार होगा कीटनाशक
कृषि पदाधिकारी उमेश तिर्की ने Local 18 को बताया कि अग्नि अस्त्र कीटनाशक तैयार करने की विधि बहुत ही सरल है. इससे बनाने में किसी भी तरह की लागत नहीं आती है. इससे बनाने के लिए सबसे पहले 1 किलो नीम के पत्ते की चटनी, 100 ग्राम हरी मिर्च की चटनी, 100 ग्राम लहसुन की चटनी और 100 ग्राम तम्बाकू को अच्छी तरह से पीसकर मिश्रण तैयार किया जाता है.
किसान जानें बनाने की विधि
आगे बताया कि फिर तैयार मिश्रण को 4 लीटर देसी गाय के गोमूत्र में अच्छे से मिलाकर 30 मिनट तक मिट्टी के बर्तन में उबाला जाता है. इसके बाद आखिर में मिट्टी के बर्तन को ढक कर 48 घंटे तक छाया में रख दिया जाता है. अंत में अग्नि अस्त्र कीटनाशक तैयार हो जाता है. यह बेहद ही कारगर प्राकृतिक फर्टिलाइजर है, जो कीड़ों का दुश्मन है. इससे किसी भी प्रकार के कीड़े फसलों से दूर हो जाते हैं.
3 महीने तक कारगर
किसान सूती कपड़े से छान कर एक बार में 5 लीटर अग्नि अस्त्र को 200 लीटर पानी में मिलाकर एक हेक्टेयर खेत में छिड़काव कर सकते हैं. इसके उपयोग से तना छेदक (स्टेम बोरर), फल छेदक (फ्रूट बोरर) और अन्य विभिन्न प्रकार के सूंडी और इल्लियों से फसल की रक्षा कर सकते हैं. एक बार तैयार अग्नि अस्त्र केवल 3 महीने तक कारगर होता है.
.
Tags: Agriculture, Bokaro news, Farming, Local18
FIRST PUBLISHED : May 1, 2024, 15:08 IST










