फाजिल्का के जलालाबाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, किडनैपिंग के बाद हौज खास गांव में दी गई वारदात को अंजाम
फाजिल्का/जलालाबाद: पंजाब के फाजिल्का जिले में एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक वारदात सामने आई है। जलालाबाद के गांव हौज खास में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक को पहले गुरुहरसहाय से किडनैप करके लाया गया और फिर गांव में लाकर बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रमेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह मामला पैसे के लेनदेन से जुड़ा है। घटना के बाद आरोपी शव को गांव की फिरनी में फेंक कर भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान श्यामचंद के रूप में हुई है, जो गांव सड़ीया का निवासी है।
श्यामचंद ने मौके पर ही खुलासा किया कि रमेश ने उससे लाखों रुपये की ठगी की थी और वह लंबे समय से इस मामले को लेकर परेशान चल रहा था। उसके अनुसार, पुलिस को कई बार शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। श्यामचंद ने बताया कि उसकी पत्नी और बेटा बीमार हैं, और इस तनाव में आकर रमेश को किडनैप कर मारपीट की, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अरनीवाला के एसएचओ अंग्रेज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हत्या की वारदात गुरुहरसहाय थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई है, क्योंकि रमेश को वहीं से अगवा किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और हिरासत में लिए गए आरोपी को गुरुहरसहाय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।