फाजिल्का में फर्द केंद्र पर तकनीकी खराबी से लोगों को हुई भारी परेशानी, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं हुआ काम
पंजाब के फाजिल्का जिले में फर्द केंद्र पर तकनीकी खराबी के कारण लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। जमाबंदी और फर्द लेने के लिए सुबह से लाइन में खड़े लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी अपना काम नहीं करवा पाए। कई लोग तो बिना काम के ही वापस लौट गए।
गांव ख्योवाली ढाब, साबुआना, काबुलशाह खुब्बन और नवा सिवाना से आए लोगों ने बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन जब उनकी बारी आई, तो लंच टाइम शुरू हो गया। लंच टाइम खत्म होने के डेढ़ घंटे बाद भी उन्हें सेवा नहीं मिली। केंद्र के कर्मचारियों ने मशीन में खराबी आने का हवाला देकर लोगों को प्रतीक्षा करने को कहा।
फर्द केंद्र के इंचार्ज संजीव कटारिया ने दावा किया कि सिस्टम में मामूली तकनीकी खराबी आई थी, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज 165 लोगों को 935 पेज के प्रिंटआउट दिए गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्होंने अपना काम-धंधा छोड़कर आने के बावजूद घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा और कई लोग बिना काम के ही वापस लौट गए।
यह घटना सरकारी सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, जहां एक छोटी तकनीकी समस्या आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन जाती है।