बठिंडा में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया एएसआई, डीएसपी भी जांच के घेरे में
बठिंडा, 2 जुलाई 2025 — जिले के भुच्चो मंडी में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में विजिलेंस विभाग ने डीएसपी कार्यालय में तैनात एएसआई राज कुमार को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पूर्व सरपंच के केस से नाम हटाने की मांग पर मांगी थी रिश्वत
राज कुमार पर आरोप है कि उसने गांव कल्याण के पूर्व सरपंच कुलविंदर सिंह किंदरा और उनके दो बेटों का नाम एफआईआर से हटाने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा दो लाख में तय हुआ। यह एफआईआर 20 मई को नथाना पुलिस ने दर्ज की थी, जिसे पूर्व सरपंच की पत्नी परमजीत कौर ने झूठा बताते हुए इसकी शिकायत एसएसपी बठिंडा को दी थी। जांच की जिम्मेदारी डीएसपी रविंदर सिंह को सौंपी गई थी।
विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर पकड़ा
विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया। मंगलवार को परमजीत कौर, तय योजना के अनुसार, पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपये लेकर डीएसपी कार्यालय पहुंचीं। जैसे ही एएसआई राज कुमार ने यह रकम ली और अपनी गाड़ी में रखी, पास में तैनात विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से नकद राशि भी बरामद कर ली गई।
डीएसपी रविंदर सिंह भी जांच के दायरे में
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि राज कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि डीएसपी भुच्चो मंडी रविंदर सिंह की इस पूरे मामले में कोई भूमिका पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
जनता में आक्रोश, कार्रवाई की सराहना
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है, लेकिन साथ ही विजिलेंस विभाग की साहसिक और त्वरित कार्रवाई की सराहना भी हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर ऐसे ही सख्त कदम उठाने की जरूरत है, जिससे पीड़ितों को न्याय मिल सके और भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम लग सके।