बरनाला में महापंचायत के दौरान जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
बरनाला के धनौला मंडी में आयोजित महापंचायत के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के अध्यक्ष ने बताया कि डल्लेवाल को पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद तुरंत बरनाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
किसान यूनियन सिद्धूपुर के नेता रणजीत सिंह ने जानकारी दी कि डल्लेवाल को एक दिन पहले खन्ना के अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन फिर वे सीधे धनौला की किसान रैली में पहुंचे। वहीं, उनकी तबीयत फिर से खराब हो गई।
जगजीत सिंह डल्लेवाल पिछले 132 दिनों से किसानों की मांगों के लिए मरन व्रत पर थे और उन्होंने कल ही फतेहगढ़ साहिब में अपना व्रत समाप्त किया था। फिलहाल, उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।