भारतपोल पोर्टल लॉन्च, अमित शाह ने कहा- अंतर्राष्ट्रीय जांच में नया युग शुरू
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार सुबह दिल्ली में भारतपोल पोर्टल लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य देश की जांच एजेंसियों को इंटरपोल और अन्य अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठनों से अधिक सुलभ रूप से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भारतपोल भारत की जांच प्रक्रिया को एक नए युग में ले जाएगा, जिससे अपराधियों पर नियंत्रण पाना और अंतरराष्ट्रीय क्राइम को रोकना आसान हो सकेगा।
पहले, केवल CBI ही इंटरपोल से जुड़ने वाली एजेंसी थी, लेकिन अब भारतपोल के जरिए, हर भारतीय एजेंसी और राज्य पुलिस को इंटरपोल से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे साइबर क्राइम, फाइनेंशियल क्राइम, ऑनलाइन रेडिकलाइजेशन, ड्रग्स ट्रैफिकिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे अंतरराष्ट्रीय अपराधों के खिलाफ भारत की सभी एजेंसियां एक साथ काम कर सकेंगी।
भारतपोल पोर्टल को CBI ने इंटरपोल की तर्ज पर तैयार किया है। अब, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस अंतरराष्ट्रीय अपराधियों की जानकारी सीधे इंटरपोल और अन्य देशों की जांच एजेंसियों से प्राप्त कर सकेंगी। पहले, जानकारी ईमेल, फैक्स और लेटर के माध्यम से आदान-प्रदान की जाती थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया पोर्टल के जरिए आसान हो गई है।
भारतपोल के माध्यम से रेड नॉटिस और अन्य कलर कोड नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी अधिक सरल हो गई है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय क्राइम को कंट्रोल करने में भारत को और अधिक सक्षम बनाएगा।