भिवानी के 71 वर्षीय जगत सिंह ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
हरियाणा के भिवानी जिले के चांग गांव निवासी जगत सिंह ने इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। वह इससे पहले भी 3 बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन कर चुके हैं।
जगत सिंह की उम्र 71 वर्ष 6 माह है। उन्होंने 36 साल 2 माह तक बिजली निगम में नौकरी की। करियर की शुरुआत मीटर रीडर से हुई और आखिरी पद अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) रहा, जिससे वे वर्ष 2012 में सेवानिवृत्त हुए।
रिटायरमेंट के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वे 2 बार लोकसभा और 1 बार विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। साथ ही साल 2012, 2017 और 2022 में राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, लेकिन आवेदन पत्र खारिज होने के कारण मैदान में नहीं उतर पाए।