भिवानी में सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, 2 घायल
भिवानी के लोहारू रोड स्थित हालुवास मोड़ पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां महिंद्र बोलेरो और बाइक व ई-रिक्शा की टक्कर में गांव देवसर के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में करीब 13 वर्षीय लवप्रीत, उनके पिता करीब 40 वर्षीय विनोद और रमेश शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, विनोद अपने बेटे लवप्रीत के साथ बाइक पर भिवानी से गांव लौट रहे थे, जबकि रमेश, राकेश और कृष्ण ई-रिक्शा में भिवानी की ओर जा रहे थे। लोहारू रोड के हालुवास मोड़ पर पीछे से आ रही बोलेरो ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो, बाइक और ई-रिक्शा दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।
सभी घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद और लवप्रीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ई-रिक्शा सवार रमेश की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। राकेश और कृष्ण का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।