मई में गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड, मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा उछला, हीटवेव से लोग बेहाल, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

इंदौर. मई माह के पहले ही दिन गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. निमाड़ के कुछ जिलों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया. वहीं, मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग में हीटवेव की संभावना जताई है. आज भी खंडवा, खरगोन, बड़वानी, उज्जैन, इंदौर सहित अन्य जिलों में पारा तेजी से उछाल मारेगा और तेज हवा चलेगी. जिससे अब रातें भी गर्म होंगी.

मौसम वैज्ञानिकों ने हर बार की तरह इस बार भी पूरे मई माह में तेज गर्मी की संभावनाएं जताई हैं. साथ ही गर्म हवा भी चलेगी. लू का असर प्रदेश में अनेक स्थानों पर देखने को मिलेगा. लू की संभावना के चलते स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है. लोगों को लू व भीषण गर्मी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. हालांकि, मई के अंतिम दिनों में बादल छाने और कहीं-कहीं पर बूंदाबांदी की उम्मीद है.

सूर्य ने दिखाया रौद्र रूप
मई के पहले ही दिन बुधवार को सूर्यदेव ने अपना रौद्र रूप दिखाया और तपन व उमस ने लोगों को परेशान कर दिया. पारे ने सुबह से ही तेजी से उछाल भरी और कई जिलों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मलाजखंड में 40.2 डिग्री, सतना में 40.5 डिग्री, रीवा में 40.6 डिग्री, खजुराहो में 40.8 डिग्री, मंडला में 40.8 डिग्री, सीधी-दमोह में 41 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री, खरगोन में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अंतिम दिनों में बारिश-ओले
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मई महीने में भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे. इस वजह से माह के अंतिम दिनों में ओले-बारिश का दौर बन सकता है. हालांकि आसमान में बादल तो छाएंगे, लेकिन बारिश और ओले कहीं-कहीं पर ही गिरेंगे.

ऐसा है 10 साल का ट्रेंड
सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, गर्मी के लिहाज से मई का महीना खास रहता है. इस महीने सबसे ज्यादा गर्मी पड़ती है. 10 साल का ट्रेंड देखें तो कई शहरों में पारा 47-48 डिग्री तक पहुंच चुका है. दिन में हीटवेव चलेगी तो रातें भी गर्म रहेंगी. मई में बारिश का भी ट्रेंड रहता है. 2023 में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में अच्छी बारिश हुई थी.

Tags: Bhopal weather, Heatwave, Indore news, Local18, MP weather forecast

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें